किसान

मेरी क़लम से...
खेतों में किसान बो देते है
अपना सब कुछ
सुबह से शाम तक
पिघला देते है देह को
घुल जाते है मिट्टी में
आस का बीज सींचकर
वापस घर आते है

एक बेटा है कोने में बैठा
जो मुस्कुराना चाहता है
एक बेटी है जो ठंडा पानी लिये
बरतनों में कुछ ढूढ़ रही है
एक पत्नी है जो मेरे हाथ
खाली देख
मन को भर लेती है

पर...अब धीरे धीरे
पेट समझदार हो गया है
उसने सीख लिया है
भूख को निगलना
रोटी से डरना
मुँह को निवाला अब याद नहीं

कर्ज से चिंतित नहीं होते
और न ही अब गुहार लगाते है
सामाधान ढूढ़ लिया है
हर पीड़ा का
बहुत आसान है
मर जाना...

बंजर जमीं पर
उगा लेते है अनाज

सब के लिये
दो वक्त की रोटी

पर...नहीं उगा पाते
किसान अपनी जिंदगी!!
       ©चंदन सोनी

Comments