करतब

चलो बेटी!
मिलकर करतब दिखाते है
करतब!!
ये क्या होता है पापा?

ओहो!करतब नहीं जानती
ये भी एक खेल है जैसे
लुका छिपी,गुड्डा गुड़ियाँ
जब मैं घोड़ा बन जाता हूँ
और मेरी पीठ पर बैठकर
धुड़सवारी करती हो
ठीक उसी तरह..
और हाँ इस बार न
तुम हवा में उड़ोगी
चिड़ियाँ की तरह

अच्छा!
तब तो बहुत मजा आयेगा
न पापा
पर पापा एक पंख वाली ड्रेस
भी खरीद देना
तुम जब मुझे आकाश में
ऊपर करोगे तो मैं दोनों
हाथों को फैलाकर ऐसे ऐसे
चिड़ियाँ जैसी उरूँगी

चिड़ियाँ वाली ड्रेस...!

इस बार तुम ऐसे ही
चिड़ियाँ बन जाओ
इसके बाद मेरी
प्यारी चिड़ियाँ के लिये
नई ड्रेस खरीद दूँगा
और चॉकलेट भी...

हा हा!चॉकलेट भी खरीदोगे पापा
चलो ठीक है!
तब मुझे बड़ी वाली चॉकलेट
भी दिला देना
वो चॉकलेट वाले अंकल के पास
बहुत सारी बड़ी बड़ी चॉकलेट है
वो सभी बच्चे को देते है
लेकिन..मैं जाती हूँ न पापा
तो मुझे नहीं देते
और डाँटते भी है
इस बार तुम बड़ी वाली
दिलाना तब मैं भी न उस
अंकल को भी चॉकलेट नहीं दूँगी

हाँ मेरी प्यारी बेटी बिल्कुल
दिला दूँगा!

चलो अब!
करतब करते है

अच्छा सुनो!
जब तुमको ऊपर आकाश में
ले जाऊँ तो डरना नहीं
और डर लगे तो आँखें बंद कर लेना

आप करतब करों पापा
मैं सुबह से कुछ खायी नहीं
जब मुझे भूख लगती है
तो डर नहीं लगता!!
      © चंदन सोनी

Comments